सरकारी कर्मचारियों के साथ अपमान बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: प्रदीप चौहान

0
70

सरकारी कर्मचारियों के साथ अपमान बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: प्रदीप चौहान

कांग्रेस नेता प्रदीप चौहान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पांवटा साहिब में प्रशासन बेहतरीन कार्य कर रहा है और हाल ही में पुलिस जवान के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर उसके साथ नजर आए अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

प्रदीप चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, नशे के कारोबार में शामिल लोगों तथा सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में माइनिंग अधिकारी के अपहरण और माइनिंग गार्ड के साथ बदसलूकी जैसी गंभीर घटनाएं हुईं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो रही है, यही कारण है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल सरकार निष्पक्ष और सख्त प्रशासन देने का कार्य कर रही है तथा सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।