Holiday:ऑरेंज अलर्ट का असर: पांवटा साहिब के स्कूल, आंगनवाड़ी और प्ले स्कूल रहेंगे बंद

0
37

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों, जिनमें जिला सिरमौर भी शामिल है, के लिए अत्यधिक भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।

उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पांवटा साहिब द्विज गोयल (आईएएस) ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनहित में आदेश जारी किया है कि उपमंडल पांवटा साहिब के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थान शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को बंद रहेंगे।

आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल, हाई, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनवाड़ी केंद्र, प्ले स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थान भी इस आदेश के दायरे में आएंगे। यह निर्णय विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

 

हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों के प्रधानाचार्य, संस्थान प्रमुख तथा प्रशासनिक या आपातकालीन कार्यों के लिए आवश्यक कर्मचारी सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार अपनी ड्यूटी पर उपलब्ध रहेंगे।

 

 

प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

 

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और 10 जुलाई 2026 को पूरे उपमंडल पांवटा साहिब में प्रभावी रहेगा।