पांवटा साहिब में दो दिवसीय एथलेटिक्स मीट संपन्न, विजेताओं का हुआ सम्मान..

0
29

पांवटा साहिब में दो दिवसीय एथलेटिक्स मीट संपन्न, विजेताओं का हुआ सम्मान..

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में सिरमौर एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय एथलेटिक्स मीट का सफल समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर से अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 और ओपन वर्ग के कुल 184 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब 13 और 14 जून को हमीरपुर में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
रविवार को समापन समारोह के अवसर पर पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल स्वस्थ और अनुशासित जीवन की नींव रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी आज देश-विदेश में नाम कमा रहे हैं और रोजगार के अवसर भी हासिल कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज शर्मा, अवनीत सिंह लाम्बा, विशाल वालिया, महासचिव वीके यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह नागरा और सहसचिव गुरनाम सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दूसरे दिन के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
ओपन बालक वर्ग में 5000 मीटर में शिवम कुमार, 1500 और 800 मीटर में राहिल खान, 400 और 200 मीटर में प्रवीण तथा 100 मीटर में साहिल खान ने प्रथम स्थान हासिल किया।

ओपन बालिका वर्ग में मोनिका ने 800 और 200 मीटर, जबकि सुमन शर्मा ने 400 और 100 मीटर में स्वर्ण पदक जीते। अंडर-18 बालक वर्ग में भूपेंद्र कुमार ने लॉन्ग जंप और 100 मीटर में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 1000 मीटर में अभिनव चौधरी प्रथम रहे। अंडर-18 बालिका वर्ग में रागिनी शर्मा ने 1000 मीटर और लॉन्ग जंप, रितु ने 400 मीटर और राधिका ने 100 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

अंडर-16 बालिका वर्ग में प्रेरणा शर्मा ने शॉट पुट, भूमि ने लॉन्ग जंप और खुशी ने 600 मीटर में स्वर्ण पदक जीते। वहीं अंडर-16 बालक वर्ग में आयुष्मान गाब्बा ने 60 मीटर, उत्कर्ष ने 600 मीटर और लॉन्ग जंप तथा नवजोत ने शॉट पुट में प्रथम स्थान हासिल किया।

अंडर-14 बालक वर्ग में हाई जंप में सुभाष और शिवांश संयुक्त रूप से प्रथम रहे। शॉट पुट में मिथुर रहमान, लॉन्ग जंप और 60 मीटर में ध्रुव सिंह तथा 600 मीटर में अनुराग ने स्वर्ण पदक जीते।

बालिका वर्ग अंडर-14 में नैंसी (लॉन्ग जंप), नीतिका (शॉट पुट), खुशबू (60 व 600 मीटर) और पल्लवी (हाई जंप) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच साबित हुई।