सुखराम चौधरी ने अनुसूचित जाति बस्तियों में चलाया जनसंपर्क अभियान, कांग्रेस पर लगाया यह आरोप
भारतीय जनता पार्टी के शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी, पूर्व ऊर्जा मंत्री व पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती के उपरांत ग्राम पंचायत पुरुवाला-कांशीपुर की अनुसूचित जाति बस्तियों में जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारत के संविधान निर्माता थे और उनके योगदान को भगवान के समान माना जाता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने बाबा साहब के लिखे संविधान में अपने फायदे के लिए 74 बार संशोधन किए और हमेशा उनका अपमान किया।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जातियों को केवल वोट बैंक समझा है, जबकि भाजपा ने बाबा साहब को सम्मान देते हुए पंचतीर्थ बनाकर वंचित वर्ग की भावनाओं को सम्मानित किया है।
इस मौके पर पूर्व पंचायत प्रधान कलम सिंह, नरेश कुमार, ओमप्रकाश, राम कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष चरणजीत चौधरी सहित कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



