श्रद्धालु करते है गोताखोरों के साथ बहसबाजी, यमुना घाट पर पुलिसकर्मी हो तैनात : समिति
श्री राधा कृष्ण हनुमान मंदिर समिति की बैठक में यमुना घाट की सुरक्षा और स्वच्छता पर चर्चा..
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के यमुना घाट स्थित श्री राधा कृष्ण हनुमान मंदिर समिति पांवटा साहिब की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष शांति स्वरूप गुप्ता ने की। बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
श्री राधा कृष्ण हनुमान मंदिर समिति के सदस्यों ने कहा कि यमुना घाट पर यमुना में नहाने वाले श्रद्धालुओं को रोकने के लिए तैनात गोताखोरों को बाहर से आए श्रद्धालु अक्सर बहसबाजी करते हैं और उनकी बात नहीं मानते हैं। इससे वे यमुना नदी में नहाने के लिए उतर जाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।
समिति ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि यमुना घाट पर तैनात गोताखोरों के लिए वर्दी की व्यवस्था की जाए और यहां एक पुलिसकर्मी की तैनाती भी की जाए। उन्होंने कहा कि यमुना नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, जिससे बाहर से आए लोगों को नदी में उतरने से रोका जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
समिति के सदस्यों ने यह भी बताया कि यमुना घाट पर नहाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन घाट पर शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण श्रद्धालु आसपास ही शौच आदि कर देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से मांग की कि यमुना घाट पर एक शौचालय का निर्माण किया जाए ताकि इस समस्या का समाधान हो सके।
बैठक में शांति स्वरूप गुप्ता, मयंक महावर, हिमांशु मित्तल, डीके अग्रवाल, अशोक गोयल, ललित नांगिया, सिद्धार्थ शर्मा व अविनाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।